नाहन/देवेन्द्र कुमार: मां-बेटे के मिलन का प्रतीक अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला विधिवत रूप से शुरू हो गया। 6 दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय स्तरीय मेले का शुभारंभ मुख्य सचिव आरडी धीमान ने किया। मुख्य सचिव ने भगवान परशुराम की पालकी को कंधा देकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। शोभायात्रा के दौरान मां रेणुका व भगवान परशुराम के जयकारों से पूरी रेणुका घाटी ढोल नगाड़ों की धुनों पर गूंज उठी। परंपरा अनुसार दशमी के दिन भगवान परशुराम अपनी मां रेणुका जी से मिलने रेणुका जी पहुंचते हैं। अगले 6 दिनों तक यहां विभिन्न स्थानों से आई भगवान परशुराम की पालकियां लोगों के दर्शन के लिए रखी जाती है।
मीडिया से बात करते हुए मुख्य सचिव आरडी धीमान ने देश व प्रदेश वासियों को अंतरराष्ट्रीय स्तरीय रेणुका मेले की शुभकामनाएं दी और कहा आज के दिन का विशेष महत्व होता है। जब भगवान परशुराम अपनी मां से मिलने रेणुका जी पहुंचते है। उन्होंने कहा आयोजकों को भगवान परशुराम के जीवन से जुड़ी प्रचार-प्रसार सामग्री वितरित करनी चहिए ताकि लोग उनके जीवन से सीख ले सके।
आचार संहिता लागू होने के चलते इस बार मुख्यमंत्री नहीं पहुंचे
परंपरा अनुसार इस मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा किया जाता है, मगर आचार संहिता लागू होने के चलते इस बार मुख्यमंत्री नहीं पहुंच पाए। ऐसे में इस बार मेले का शुभारंभ मुख्य सचिव द्वारा किया गया जबकि शुभारंभ राज्यपाल द्वारा ही किया जाएगा।
