Hamirpur, Arvind –हमीरपुर में हाल ही में कांग्रेस नेताओं की आपसी खींचतान खुलकर सामने आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। भाजपा जिला प्रवक्ता विक्रमजीत सिंह वनियाल ने कहा कि कांग्रेस नेता भाजपा की गुटबाजी पर टिप्पणी करने से पहले अपने घर को संभालें। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह हमीरपुर के एक रेस्ट हाउस में कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई सबके सामने आई, वह पूरे प्रदेश की जनता ने देखा।
वनियाल ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार आपदा प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में पूरी तरह असफल रही है और अपनी नाकामी छिपाने के लिए भाजपा पर आरोप मढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़सर क्षेत्र में आपदा से प्रभावित 20 परिवारों को सरकार ने केवल एक तिरपाल दिया, जबकि सांसद अनुराग ठाकुर ने मौके पर 200 तिरपाल देने की घोषणा की।
भाजपा प्रवक्ता ने सवाल किया कि अब तक कितने कांग्रेस नेताओं या मंत्रियों ने अपनी ओर से आपदा पीड़ितों के लिए कोई ठोस मदद की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाते हुए 2 अक्तूबर तक देशभर में सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
