कुल्लू (मनमिंदर अरोड़ा): हिमाचल में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा से टिकट कटने के बाद कुल्लू विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ने उतरे पूर्व सांसद व विधायक रहे महेश्वर सिंह को भाजपा ने राजी कर लिया है। कुल्लू विधानसभा सीट से अब भाजपा के वरिष्ठ नेता महेश्वर सिंह आजाद प्रत्याशी के तौर पर विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। शुक्रवार को हाथी थान में कार्यकर्ताओं के साथ हुई इस बैठक में उन्होंने यह निर्णय ले लिया है और अब शनिवार को अपना नामांकन पत्र भी वापस ले लेंगे। वीरवार शाम के समय शिमला में भाजपा हाईकमान के साथ भी महेश्वर सिंह की एक बैठक आयोजित हुई थी।
इस बैठक के बाद अब महेश्वर सिंह ने अपने बगावती रुख बदल लिया है और अब अपने कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने की भी बात कही है। ऐसे में भाजपा हाईकमान ने नाराज चल रहे महेश्वर सिंह को बनाने में सफलता हासिल कर ली है। वहीं इसका फायदा अब आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा के प्रत्याशी नरोत्तम ठाकुर को मिल सकता है। लेकिन भाजपा के ही नाराज नेता राम सिंह के बगावती तेवर कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। पार्टी से टिकट न मिलने से नाराज प्रत्याशी के तौर पर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है और वे ग्रामीण क्षेत्रों का लगातार दौरा भी रहे हैं। ऐसे में भाजपा हाईकमान पाती उन्हें मना पाती है या नहीं यह अभी देखना बाकी है।
हाथी थान में बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता में महेश्वर सिंह ने कहा कि हाईकमान ने उनकी बात को सुना है। इस बात का भी भरोसा दिया है कि कार्यकर्ताओं की बिल्कुल भी अनदेखी नहीं की जाएगी और विकास कार्यों को समान रूप से पूरा किया जाएगा। ऐसे में पार्टी का सिपाही होने के नाते और कार्यकर्ताओं के भावनाओं की कद्र करते हुए वह आजाद प्रत्याशी के तौर पर चुनाव नहीं लड़ेंगे और शनिवार को अपना नामांकन पत्र भी वापस ले लेंगे। वहीं उन्होंने यह निर्णय लिया है कि वह आगामी दिनों में भाजपा प्रत्याशी नरोत्तम ठाकुर के पक्ष में चुनावी प्रचार में भी जुट जाएंगे।
