Dharamshala, Rahul-धर्मशाला में पत्रकार वार्ता करते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने कांग्रेस सरकार पर तीखे हमले बोले। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नगर निकाय व पंचायत चुनाव टालने की साज़िश रच रही है, जो उसकी अलोकप्रियता को दर्शाता है।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि प्रदेश में इस समय सेब सीजन चरम पर होने के बावजूद एचपीएमसी द्वारा खरीदे गए सेब सड़क किनारे सड़ रहे हैं, जबकि कोल्ड स्टोरेज और प्रोसेसिंग यूनिट मौजूद होने पर भी उनका उपयोग नहीं किया जा रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री व बागबानी मंत्री से पूछा कि इस लापरवाही की जिम्मेदारी कौन लेगा।संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनाने में कांगड़ा जिले की बड़ी भूमिका रही, मगर अब जिले को नजरअंदाज किया जा रहा है। भाजपा कार्यकाल में कांगड़ा से चार मंत्री हुआ करते थे, जबकि मौजूदा सरकार ने जिले को उसका हक नहीं दिया।
महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने के वादे को याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने अपना वादा पूरा नहीं किया, जबकि अपने हित साधने में पीछे नहीं रही। साथ ही धर्मशाला केंद्रीय विश्वविद्यालय को मिलने वाले 30 करोड़ रुपये की राशि रोकने पर भी सवाल उठाए।आपदा प्रबंधन पर बोलते हुए उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार प्रदेश को लगभग 7 हजार करोड़ रुपये जारी कर चुकी है, लेकिन राज्य सरकार ने केवल 300 करोड़ रुपये ही खर्च किए, जबकि 4500 करोड़ खर्च करने का दावा किया गया।उन्होंने कहा कि अवैध कब्जों को लेकर कोर्ट में सरकार की कमजोर पैरवी से फैसले लंबित हैं। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार वोट चोरी कर सत्ता में आई और अब जनता से किए वादों से पीछे हट रही है।
