संजीव महाजन,नूरपुर: प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनावों में भाजपा दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी और मात्र 8 सीटों तक सिमट कर रह जाएगी। यह दावा कांग्रेस प्रवक्ता सुदर्शन शर्मा की ओर से किया गया है। उन्होंने कहा है कि लोगों के रूझान से हिमाचल प्रदेश में केवल सरकार बदलेगी लेकिन रिवाज नहीं बदलेगा और हिमाचल प्रदेश देवभूमि की प्रबुद्ध जनता कांग्रेस के नेतृत्व में राजनीतिक इतिहास रचेगी।
उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार को जयराम सरकार ने पेपर लीक सरकार का तगमा देकर पूरे देश में हिमाचल प्रदेश की साख को गिराया है। भ्रष्टाचार ओर बेरोज़गारी प्रदेश में चरम पर रही है। महगांई पर किसी भी प्रकार का नियंत्रण नहीं रहा है। अपने चहेतों को टेंडर प्रथा से समृद्ध किया जा रहा है लेकिन गरीब को मात्र वोट बैंक का माध्यम बना कर रखा गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने गृहणियों को 12 सौ का गैस सिलेंडर देकर उज्ज्वला योजना के नाम पर ठगा है। मुख्यमंत्री उड़नखटोलों से शिमला, दिल्ली प्रवास पर रहे है। हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री की गरिमा को भी मात्र सिराज व धर्मपुर तक ही सीमित रखा गया है। कांगड़ा ज़िला की विधानसभाओं के कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों को बदल कर ज़िला मंडी में स्थापित कर दिया गया है।
उन्होंने सवाल उठाए हैं कि क्या ज़िला कांगड़ा हिमाचल प्रदेश का हिस्सा नहीं है। अब बीजेपी के मुख्यमंत्री या मंत्री या सुपर मुख्यमंत्री किस आधार पर वोट मांगने का अधिकार रखते है। उन्होंने मतदाताओं से यही आग्रह किया है कि मुख्यमंत्री को भी उनके क्षेत्र में हार का तोहफा देकर कृतार्थ करें ।
