विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: सोमवार को कांग्रेस के पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार ने समर्थकों सहित मां चिंतपूर्णी के दरबार में हाजिरी भरी। इस मौके पर भरवांई से लेकर चिंतपूर्णी तक तीन जगह पर कार्यकर्ताओं ने फूल मालाएं पहनाकर अपने नेता का स्वागत किया।कांग्रेस पार्टी के सचिव संजीव कालिया की अगुवाई में चिंतपूर्णी के दुकानदारों और कार्यकर्ताओं में पुराना बस स्टैंड में कुलदीप कुमार को फूल माला डालकर स्वागत किया। इसके बाद मां चिंतपूर्णी के दरबार पहुंचकर कुलदीप कुमार ने माता रानी के दर्शन किए और मां चिंतपूर्णी के आगे शीश नवाया।
कुलदीप कुमार ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चिंतपूर्णी मंदिर में कार्यकर्ताओं सहित माथा टेका और मां का आशीर्वाद लिया है। आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि चिंतपूर्णी क्षेत्र के विधायक चुनावों में लाभ लेने के लिए आधे अधूरे कामों का ही लोकार्पण करते रहे,लेकिन जनता बहुत समझदार है ओर विधानसभा चुनावों में इसका कोई लाभ उन्हें नहीं मिलेगा। इसके साथ उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर पहली कैबिनेट में ही ओपीएस बहाल की जाएगी।
