राहुल चावला, धर्मशाला: कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह की ओर से मीडिया पर भड़कने पर भाजपा हमलवार हो गई है और इसे उनकी बौखलाहट करार दिया है। बीते दिन प्रतिभा सिंह परिवारवाद पर मीडिया की ओर से पूछे गए सवाल पर भड़क गई थी जिस पर भाजपा ने निशाना साधा है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा ने कांग्रेस पार्टी की प्रदेशाध्यक्ष और मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद प्रतिभा सिंह की वायरल वीडियो पर निशाना साधा है। राकेश शर्मा ने कहा कि प्रतिभा सिंह ने एक पत्रकार को जिस लहज़े में जबाव दिया है भाजपा उसकी कड़े शब्दों में निंदा करती है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार का धर्म ही सवाल पूछना होता है ये सामने वाले पर निर्भर करता है कि वो सवाल का जबाव दे या न दे, मगर इस कदर पत्रकार के ऊपर भड़कना ये किसी भी सूरत में सही नहीं था। राकेश शर्मा ने कहा कि यूं भी पत्रकार ने कोई गलत सवाल नहीं उठाया था उन्होंने तो बस वंशवाद पर ही सवाल किया था, मगर प्रतिभा सिंह के जबाव से जाहिर होता है कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में कितना बौखला चुकी है और किसी भी हद तक चले जा रही है।
वहीं उन्होंने कहा कि हाल ही में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने भी कुछ इसी तरह की अभद्र टिप्पणी की है,जिसकी भाजपा हर लिहाज से निंदा करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यही कल्चर रहा है और उसे आज भी दोहराया जा रहा है। अगर यही हालात रहे तो कांग्रेस जहां है वहां भी नहीं रहेगी।
