संजू चौधरी, शिमला: प्रदेश में विधानसभा चुनावों के पास आते ही जहां चुनावी प्रचार तेज हो गया है तो वहीं आपसी बयानबाजी ने भी जोर पकड़ लिया है। कांग्रेस और भाजपा की ओर से लगातार एक दूसरे पर बयानबाजी की जा रही है। वहीं अब महंगाई, बेरोजगारी और अग्निपथ योजना को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और एआईसीसी की नवगठित संचालन समिति के सदस्य आनंद शर्मा ने भाजपा पर हमला बोला है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और AICC की नवगठित संचालन समिति के सदस्य आनंद शर्मा ने शिमला में पत्रकार वार्ता में कहा कि आजादी के बाद सबसे बड़ी बेरोजगारी दर हिंदुस्तान में हैं। बेरोजगारी, महंगाई चरम पर हैं। इस मंहगाई और बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार की जवाबदेही बनती है।
आनंद शर्मा ने कहा कि अग्निपथ योजना में भर्ती हुए लोगों को चार साल बाद कुछ नहीं मिलेगा। देश की सुरक्षा सेना करती हैं। हिमाचल में ढ़ाई लाख पूर्व सैनिक हैं ओर ऐसे में अग्निपथ योजना एक राष्ट्रीय समस्या हैं इसमें सुधार की आवश्यकता हैं। इसमें 25 के बजाए 50 प्रतिशत को रेगुलर करना होगा। उन्होंने कहा कि इसका खामियाजा भाजपा को भुगताना पड़ेगा। देश को पीछे ले जाने वाले निर्णय हो रहें हैं। महंगाई दर 7.4 प्रतिशत हैं इसका जवाब केन्द्र सरकार को देना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से जनता परेशान हैं और 12 नवंबर को जनता इसका हिसाब लेगी।
आनंद शर्मा ने कहा कि अंतराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतें कम होने के बावजूद पेट्रोल डीजल की कीमतें सौ के आंकड़े को पार कर चुकी हैं। बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व इस पर भी जनता को बताए की यह क्यों हो रहा हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भारत को बनाया लेकिन भाजपा कांग्रेस की प्रधानमंत्री इंदिरा की शहादत को भूल गई। इतिहास को नकाराने का प्रयास किया जा रहा हैं ओर यह गलत हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में बदलाव निश्चित हैं ओर कांग्रेस की सरकार बनेगी। यही वजह है कि बीजेपी बौखलाहट में हैं। आनंद शर्मा ने भारत राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के उस बयान पर भी पलटवार किया जिसमें उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के लिए हिमाचल मात्र एक टूरिस्ट डेस्टिनेशन है। इस पर आनंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के नेता हिमाचल आए तो डेस्टिनेशन और बीजेपी के नेता आए तो समाज सेवा यह उचित नहीं हैं।
