शिमला, संजू-:डीएवी महात्मा आनंद स्वामी पब्लिक स्कूल टूटू में वेद प्रचार सप्ताह एवं श्रावणी पर्व के उपलक्ष्य में सोमवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ टूटू वार्ड की पार्षद मोनिका भारद्वाज ने किया। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक, कर्मचारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।शिविर के माध्यम से समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने और लोगों को इस मानवीय कार्य के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि दुर्घटना, गंभीर बीमारी या आपात स्थिति में समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त किसी व्यक्ति के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। इसलिए स्वस्थ और पात्र लोगों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
पार्षद मोनिका भारद्वाज ने कहा कि रक्तदान मानवता की सच्ची सेवा है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज और उसके परिवार के लिए बड़ी उम्मीद बन सकता है। उन्होंने लोगों से रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने तथा योग्य व्यक्तियों को इस पुनीत कार्य में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि अस्पतालों में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखना केवल स्वास्थ्य संस्थानों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। नियमित रक्तदान से जरूरत के समय मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।आयोजकों ने नागरिकों से शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्त की एक यूनिट भी किसी जरूरतमंद के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है। विद्यालय की ओर से लोगों को संदेश दिया गया कि “एक दाता बनें, एक रक्षक बनें। रक्तदान करें और जीवन बचाएं।” शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक कर समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करना रहा।

