मंडी,धर्मवीर-:मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मासड़ के स्प्रेई गांव निवासी 49 वर्षीय हेत राम बीती 8 अगस्त से लापता है। घटना के बाद से परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिजनों ने उसी दिन पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी।
सोमवार को हेत राम के परिजन और ग्रामीण एसपी मंडी विनोद कुमार से मिले और लापता व्यक्ति को जल्द तलाशने की गुहार लगाई। परिजनों ने बताया कि हेत राम 8 अगस्त की सुबह बिना किसी को बताए घर से निकला था। काफी समय तक वापस न लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान उसे आखिरी बार दूर से पुल के पास देखा गया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला।हेत राम के भाई संजय कुमार ने बताया कि उनका भाई मिस्त्री का काम करता था। उसका किसी के साथ कोई विवाद नहीं था और न ही परिवार को किसी व्यक्ति पर कोई शक है। उन्होंने बताया कि घर से निकलते समय हेत राम अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गया था। परिजन लगातार पुलिस से उसे जल्द ढूंढने की अपील कर रहे हैं।लंबे समय से लापता होने के कारण परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे हर संभव स्थान पर उसकी तलाश कर रहे हैं।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि हेत राम की तलाश के लिए पुलिस की ओर से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार एसडीआरएफ की मदद भी ली जाएगी। ब्यास नदी के किनारे विशेष सर्च ऑपरेशन चलाकर लापता व्यक्ति की तलाश को तेज किया जाएगा।परिजनों ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया है कि सर्च ऑपरेशन को और तेज कर हेत राम को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद किया जाए।

