Shimla, Sanju-:ऑडिट सप्ताह 2025 के अवसर पर भारतीय लेखा परीक्षा एवं लेखा विभाग के राष्ट्रीय लेखा परीक्षा एवं लेखा अकादमी, कार्यालय प्रधान महालेखाकार तथा प्रधान महालेखाकार (लेखा परीक्षा) हिमाचल प्रदेश द्वारा शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में एक दिवसीय रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में एजी कार्यालय के अधिकारियों–कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
शिविर का शुभारंभ प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी) हिमाचल प्रदेश सुशील ठाकुर ने किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान को महादान कहा गया है क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने बताया कि ऑडिट सप्ताह के उपलक्ष पर हर वर्ष एजी कार्यालय की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है, ताकि अस्पतालों में रक्त की कमी को दूर करने में योगदान दिया जा सके।सुशील ठाकुर ने कहा कि समाज के सभी लोगों को ऐसे पुनीत कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में भी यदि लोग कुछ क्षण निकालकर रक्तदान करें, तो अनेक जिंदगियों को नया जीवन मिल सकता है।शिविर में आए कर्मचारियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने अपने सामाजिक दायित्व को समझते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। आयोजन स्थल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा पूरी चिकित्सकीय प्रक्रिया के तहत रक्त संग्रह किया गया। आयोजन को सफल बनाने में एजी कार्यालय शिमला के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
