नाहन:देवेन्द्र कुमार : नाहन की बिरोजा फैक्टरी में इन दिनों यहां तैनात कर्मचारी समस्याओं से जूझ रहे हैं । फैक्टरी में लगे बॉयलर समेत अन्य उपकरण पुराने हो चलें हैं ।जिसके चलते यहां कर्मचारियों को कार्य करने में समस्याएं आ रही है। इसके अलावा कर्मचारियों की मांगे समय पर पूरी ना होने से कर्मचारी भी परेशान है।
कारखाने में स्वीकृत 90 पदों में से 32 पद रिक्त
नाहन में आज वर्कर यूनियन बिरोजा एंड तारपीन कारखाना की एक बैठक आयोजित हुई । बैठक की अध्यक्षता यूनियन के अध्यक्ष बलबीर सिंह ने की। मीडिया को जानकारी देते हुए बलबीर सिंह ने बताया कि 1995 में बिरोजा फैक्ट्री में एक बॉयलर लगाया गया था जिसे कई बार बदलने की मांग उठाई जा चुकी है । बॉयलर पुराना होने के चलते फ्यूल ज्यादा खाता है, इसके अलावा कई अन्य उपकरण भी पुराने हैं । उन्होंने बताया कि यहां कर्मचारियों के करीब 90 पद स्वीकृत है । जिनमें से 32 पद लंबे समय से रिक्त चल रहे हैं । जिनका अतिरिक्त कार्यभार यहां तैनात 58 कर्मचारियों को देखना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं व मांगों को लेकर वह जल्द ही प्रबंधन व सरकार से मिलेंगे।
