राहुल चावला, धर्मशाला-:किफायती मोबाइल योजनाओं और 4जी नेटवर्क के लगातार विस्तार के दम पर बीएसएनएल एक बार फिर दूरसंचार क्षेत्र में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रहा है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा-चंबा क्षेत्र में 4जी सेवा शुरू होने के बाद बीएसएनएल के मोबाइल उपभोक्ताओं की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिली है। बीएसएनएल अधिकारियों के अनुसार, पिछले कुछ समय में करीब 75 से 80 हजार नए उपभोक्ता कंपनी से जुड़े हैं, जिससे इस क्षेत्र में कुल मोबाइल ग्राहक आधार बढ़कर लगभग 3.51 लाख तक पहुंच गया है।
बीएसएनएल कांगड़ा-चंबा के वरिष्ठ महाप्रबंधक डॉ. विपिन कुमार मौर्या ने बताया कि 4जी सेवा शुरू होने से पहले क्षेत्र में कंपनी के करीब 2.75 लाख मोबाइल उपभोक्ता थे। बेहतर नेटवर्क गुणवत्ता, सस्ती योजनाओं और बढ़ते कवरेज के कारण बड़ी संख्या में नए उपभोक्ताओं ने बीएसएनएल की सेवाएं अपनाई हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नेटवर्क विस्तार और सेवा गुणवत्ता में और सुधार किया जाएगा।ग्रामीण क्षेत्रों में भी बीएसएनएल विशेष जागरूकता अभियान चला रहा है। विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर ऐसे उपभोक्ताओं से संपर्क कर रही हैं, जो अभी भी पुराने 3जी सिम या 4जी सपोर्ट न करने वाले मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्हें 4जी सिम में अपग्रेड करने और 4जी समर्थित हैंडसेट अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि वे तेज इंटरनेट और बेहतर कॉलिंग सुविधा का लाभ उठा सकें।कॉल ड्रॉप की शिकायतों को लेकर डॉ. मौर्या ने कहा कि यह पूरी तरह तकनीकी प्रकृति का विषय है। खराब मौसम, सिग्नल फेडिंग तथा विभिन्न दूरसंचार नेटवर्कों के बीच इंटरकनेक्टिविटी जैसी परिस्थितियों के कारण कभी-कभी कॉल ड्रॉप की समस्या सामने आती है। उन्होंने बताया कि जहां से भी शिकायत प्राप्त होती है, वहां तकनीकी टीम तुरंत जांच करती है और समस्या के कारणों का विश्लेषण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करती है।बीएसएनएल का कहना है कि 4जी नेटवर्क के विस्तार, बेहतर ग्राहक सेवा और आधुनिक तकनीकी सुधारों के माध्यम से उपभोक्ताओं को अधिक भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण दूरसंचार सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
