संजू चौधरी, शिमला: प्रदेश विधानसभा चुनाव का परिणाम 8 दिसंबर को आना है। चुनाव परिणाम आने से पहले ही भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं। वहीं कई तरह की बातें भी परिणाम आने से पहले राजनीतिक गलियारों में फैल रही है। एक और जहां कांग्रेस हाईकमान की ओर से कांग्रेस के 8 प्रत्याशियों के बायोडाटा मंगवाने की बात कही जा रही है, तो वहीं दूसरी और कांग्रेस के ही 3 प्रत्याशियों कि बीजेपी के आला नेताओं के साथ मुलाकात को लेकर भी कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। इन सब बातों पर अब कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं नादौन से कांग्रेस प्रत्याशी सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्थिति सपष्ट की हैं।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नादौन के सेरा में कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक की जिसमें कार्यकर्ताओं ने चुनाव के संबंधित अपनी फीडबैक दी। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में पूर्ण बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनने का दावा पेश किया। उन्होंने कांग्रेस के तीन प्रत्याशियों की बीजेपी के बड़े नेताओं के साथ मुलाकात को योजनाबद्ध तरीके से करवाई गई मुलाकात बताया। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस हाईकमान की ओर से आठ कांग्रेस प्रत्याशियों का बायोडाटा मंगवाने को कोरी अफवाह करार दिया। पत्रकारों से बात करते हुए सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस पार्टी सत्ता हासिल करेगी। सुक्खू नेे कहा कि जो विधायक जीत कर आएंगे उन्हीं में से सीएम को चुना जाएगा।
सुक्खू ने दो टूक शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री पद की दावेदारी चाहे कोई भी कर ले लेकिन जो विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र से जीतकर आएगा वही मुख्यमंत्री पद के लिए प्रबल दावेदार होगा और इसे लेकर सबसे अंतिम में पार्टी हाईकमान का फैसला ही सर्वोपरि होगा। वहीं छत्तीसगढ़ में कांग्रेस विधायकों को ठहराने की बात पर हैरानी जताते हुए उन्होंने कहा की यह बात पूरी तरह से अफवाह है। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेस के विधायक 8 दिसंबर को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में ही रहेंगे और यह चर्चाएं फिजूल की है। सभी प्रत्याशी और विधायक हिमाचल छोड़कर छत्तीसगढ़ नहीं जाएंगे। सुक्खू ने कहा की प्रदेश की जनता ने 12 नंबबर को अपना जनादेश दे दिया है। इसका परिणाम अब 8 दिसंबर को सामने आएगा।
