संजीव महाजन,नूरपूर: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के प्रमाणीकरण के साथ अधिक पारदर्शी बनाने के लिए पहली अगस्त से इसे आधार डाटा से जोड़ने के लिए नूरपुर में विशेष अभियान शुरू किया गया है।
नूरपुर में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम अनिल भारद्वाज ने अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि आधार संख्या केवल मतदाता सूची डाटाबेस से जोड़ी जाएगी ओर इसे किसी भी रूप में प्रकट नहीं किया जाएगा उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत अपनी आधार संख्या का प्राकट्य पूर्ण रूप से स्वैच्छिक होगा। मतदाता स्वयं भी ऑनलाईन माध्यम से नेशनल वोटर सर्विस पोर्टल अथवा वोटर हेल्पलाईन एप (वीएचए) की मदद से फार्म-6बी भरकर आधार ओटीपी से स्वयं सत्यापन कर सकता है।
इसके साथ ही ऑफलाइन विधि से अपने मतदान केंद्र के संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) ओ निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम कार्यालय में स्थित निर्वाचन शाखा से संपर्क कर फार्म-6बी भरकर अपना आधार नंबर मतदाता सूची के साथ लिंक करवा सकता है।
उन्होंने बताया कि 1 अगस्त से बीएलओ प्रत्येक मतदाता से संपर्क कर उनसे स्वैच्छिक आधार पर फार्म-6बी की आधार संख्या उपलब्ध करवाने के लिए संपर्क कर रहे है। मतदाताओं से प्राप्त डाटा को पूर्ण रूप से गोपनीय रखा जाएगा यदि किसी मतदाता के पास आधार संख्या नहीं है तो वह इसके स्थान पर फार्म-6बी में दर्शित अन्य वैकल्पिक दस्तावेजों में से किसी एक की प्रति संलग्न कर सकता है। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से इस अभियान का लाभ उठाने का आग्रह किया है।
