नाहन : देवेंद्र कुमार – रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के हरिपुरधार मेले में सीएम दौरा रद्द होने के बाद मेला कमेटी से जुड़े कांग्रेस और बीजेपी नेता आमने-सामने है। कांग्रेस नेताओं ने मेला कमेटी के बीजेपी समर्थित नेताओं के उस बयान की कड़ी निंदा की । जिसमें उन्होंने सीएम दौरा रद्द होने के लिए स्थानीय कांग्रेस विधायक विनय कुमार को जिम्मेवार ठहराया है।
CM दौरे को रद्द करने के लिए MLA जिम्मेवार ठहराना गलत
हरिपुरधार में आज पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मेला कमेटी से बीजेपी नेताओं द्वारा मुख्यमंत्री का दौरा रद्द होने के लिए स्थानीय कांग्रेसी विधायक विनय कुमार को जिम्मेदार ठहराया है जो बिल्कुल गलत है और यह बीजेपी नेताओं की संकीर्ण मानसिकता को प्रदर्शित करता है । कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विधायक विनय कुमार ने 4 मर्तबा मेला कमेटी से जुड़े लोगों की मुख्यमंत्री से मुलाकात करवाई थी और मुख्यमंत्री ने 5 मई के लिए हरिपुरधार आने को लेकर हामी भरी थी मगर शिमला नगर निगम चुनाव और कर्नाटक दौरे के चलते मुख्यमंत्री का दौरा रद्द हो गया जिसे भाजपा नेताओं द्वारा गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि झूठी लोकप्रियता और लोगों में भ्रम फैलाने के लिए मेला कमेटी से जुड़े बीजेपी नेताओं द्वारा मीडिया में गलत बयानबाजी की जा रही है जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि हाल में भाजपा के एक नेता को BDC अध्यक्ष पद से हटाया गया है, जो अब मेला कमेटी के नाम पर अपनी भड़ास निकाल रहे है। उन्होंने कहा कि विधायक विनय कुमार के खिलाफ बीजेपी नेताओं की टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है मेला समिति गैर राजनीतिक संस्था है और ऐसे बयान जारी करना सरासर गलत है।
