सोलन/योगेश शर्मा: प्रसिद्ध लेखक सलमान रुश्दी के सोलन में स्थित प्रॉपर्टी अनिस विला लगातार चर्चाओं में है, जहां पहले एक व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया कि अनीस विला पर जाकर कुछ लोगों ने वहां पर तोड़फोड़ की तो वहीं दूसरी तरफ अब अनीस विला की बतौर केयरटेकर हिफाजत कर रहे। गोविंद का कहना है कि वे पिछले 25 साल से प्रॉपर्टी की देखभाल कर रहे हैं। गोविंद का कहना है कि सलमान रुश्दी और उनके मित्र विजय शंकर ने उनसे प्रोपर्टी की देखभाल के लिए सैलरी और अन्य खर्चा देने की बात कही थी। 2012 तक सब कुछ ठीक-ठाक चलता रहा लेकिन उसके बाद सैलरी कभी आती थी और कभी नहीं। 2018 के बाद उन्हें सैलरी नहीं आई है ,वही अब कुछ लोग उन्हें यहां से निकाल रहे हैं। उनका कहना है कि उनका लंबा हिसाब किताब है और वह इस प्रॉपर्टी को सिर्फ असली मालिक सलमान रुश्दी को ही हैंडोवर करेंगे।
ये बोले गोविंद के वकील
वही उनके वकील भी आज मौके पर पहुंचे उनके वकील विक्रांत चौहान ने कहा कि इस मामले में उन्हें कोर्ट से स्टे मिला है, लेकिन दूसरा पक्ष इसे मानने को तैयार नहीं है। बीते 8 अक्टूबर को भी कुछ लोग यहां पर आए थे जो यहां के केयर टेकर गोविंद का सामान बाहर फेंकने लगे थे। इस पर कोर्ट में याचिका दायर की गई है वहीं मामले पर स्टे दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब वे लोग कोर्ट के आदेशों की अवहेलना कर रहे है। ऐसे में अब उनपर उनके द्वारा कोर्ट की अवहेलना का केस किया जाएगा।
ये बोले-अनीस विला के मामले को लेकर एएसपी सोलन
एएसपी सोलन अजय कुमार राणा का कहना है कि अनीस विला जो कि फॉरेस्ट रोड पर सलमान रुश्दी की प्रोपर्टी है। उसमें दो कमरों को लेकर पावर ऑफ अटॉर्नी राजेश त्रिपाठी और केयरटेकर गोविंदराम शर्मा के बीच एक एग्रीमेंट हुआ था। जिसमें उन्हें सिर्फ दो ही कमरे दिए गए थे, लेकिन जब वह पिछले कल वहां आए तो पाया कि गोविंद राम शर्मा द्वारा बाकी कमरों पर भी कब्जा कर लिया गया है। ऐसे में राजेश त्रिपाठी की तरफ से उन्हें शिकायत मिली है। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की बातों को सुनकर डाक्यूमेंट्स की जांच कर रही है।
