नाहन/देवेन्द्र कुमार: आगामी 8 दिसंबर को विधानसभा चुनाव मतगणना को लेकर सिरमौर जिला में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है । जिला में सभी 5 विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर मतगणना की जाएगी। हर मतगणना केंद्र पर 14-14 मतगणना काउंटिंग टेबल लगाए जाएंगे और यहां पर्याप्त मात्रा में कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। मतगणना के मद्देनजर 5 विधानसभा क्षेत्र में करीब 370 कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। मतगणना केंद्र में अधिकृत काउंटिंग एजेंट, अधिकृत काउंटिंग सुपरवाइजर और काउंटिंग स्टाफ की ही एंट्री हो पाएंगी। काउंटिंग एजेंट एक बार एंट्री के बाद काउंटिंग खत्म होने के बाद ही बाहर आ पाएंगे।
मतगणना केंद्र के 100 मीटर दायरे से बाहर रहेंगे आम लोग
मतगणना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटा जा सके। निर्वाचन आयोग के मुताबिक आम लोगों को 100 मीटर के दायरे से बाहर रहना होगा सिर्फ अधिकृत लोगों को ही इस दायरे में आने की परमिशन होगी। उन्होंने कहा कि 100 मीटर दायरे के बाहर लोगों को बैठने के लिए बकायदा व्यवस्था यहां पर की जाएंगी। लाउडस्पीकर के जरिए मतगणना केंद्र से मतगणना से जुड़ी हर सूचना उन तक पहुंचाई जाएंगी। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के मुताबिक मतगणना के बाद जीत के दौरान किसी भी जितने वाले उम्मीदवार का जो विजयी जुलूस निकलेगा , उसका खर्चा भी उसी उम्मीदवार के चुनावी खाते में जोड़ा जाएगा और इस बारे में बकायदा सभी प्रत्याशियों को सूचित कर दिया गया है।
29 उम्मीदवारों के भाग्य का होगा फैसला
सिरमौर जिला में 5 विधानसभा क्षेत्रों से चुनावी मैदान में उतरे 29 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद है । यह 8 दिसंबर का दिन ही तय करेगा कि जनता किन-किन उम्मीदवारों पर मुहर लगाती है।
