भावना शर्मा,शिमला: अगर आपके मोबाइल फोन पर आपको आपके खाते में 5 लाख रुपए जमा होने का मैसेज आ रहा हैं तो सावधान हो जाएं। इस मैसेज में दिए गए लिंक पर भूलकर भी क्लिक ना करें। ना ही इस पर किसी तरह का कोई विश्वास करें। अगर आप मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करते हैं तो आपके खाते में जमा राशि शातिर बड़ी आसानी से उड़ा सकते हैं।
ऑनलाइन ठगी कर लोगों के खातों से पैसे उड़ाने वाले शातिरों ने एक नया हथकंडा अपनाया हैं। सोमवार से ही प्रदेश के लोगों के मोबाइल फोन में एक मैसेज लगातार आ रहा हैं, जिसमें उनके खाते में 5 लाख रुपए जमा होने की बात कही गई हैं। ऐसे में कई बार एक गलती से लोग मैसेज में दिए गए लिंक खोल देते हैं या उस क्लिक कर देते हैं जिससे उनके खाते में पैसे तो नहीं आते लेकिन जो उनकी मेहनत की कमाई है उसे शातिर जरूर उनके खाते से उड़ाकर खाता खाली कर देते हैं।
बीते कल जैसे ही लोगों के मोबाइल फोन में यह मैसेज आना शुरू हुआ तो कई लोग इस मैसेज के आने के बाद बैंक की तरफ भागे और वहां इस बारे में जानकारी हासिल की। जहां जाकर उन्हें पता चला कि उनके खाते में कोई पांच लाख की राशि जमा नहीं हुई है बल्कि यह कोई शातिर उनके साथ बड़ा फ्रॉड करने के लिए इस तरह के मैसेज उन्हें भेज रहा हैं।
वहीं पुलिस तक भी अब इस मामले की जानकारी पहुंची हैं और पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को इस बारे में आगाह किया हैं। साथ ही लोगों को जागरूक रहने की अपील पुलिस की ओर से की गई हैं। पुलिस के आला अधिकारियों की ओर से सोशल मीडिया पर यह जानकारी लोगों को मुहैया करवाई गई जा रही हैं कि 5 लाख का मैसेज फ्रॉड करने के इरादे से लोगों को भेजा जा रहा हैं। ऐसे में लोग इस बात पर विश्वास ना करें और मैसेज में दिए गए लिंक पर भूलकर भी क्लिक न करें। जागरूकता ही लोगों का बचाव हैं। ऐसे में अगर आपके पास भी कोई ऐसा मैसेज आता है तो कृपया उसे इग्नोर करें और दिए गए लिंक पर भूलकर भी क्लिक ना करें।
