राकेश,ऊना: हिमाचल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए केंद्र सरकार की ओर से एनडीआरएफ की 13 टीमों , इंडियन एयर फोर्स के दो हेलीकॉप्टर्स और 361 करोड रुपए दो किस्तों में दिए जाने की बात कहते हुए केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने हिमाचल के मुख्यमंत्री को आड़े हाथों लिया हैं। सोमवार को अनुराग ठाकुर ने अपने संसदीय क्षेत्र हमीरपुर के ऊना जिले में भारी बरसात से प्रभावित हुए क्षेत्रों का दौरा किया और चल रहे राहत कार्यों की जायजा और समीक्षा की।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने मीडिया के सवालों का उत्तर देते हुए हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू की ओर से केंद्रीय सहायता नहीं मिलने के बयान पर पलट+वार किया। अनुराग ठाकुर ने इस दौरान हेलीकॉप्टर्स में हिमाचल की कांग्रेस सरकार के मंत्रियों की ओर से बचाव व राहत कार्यों की समीक्षा किए जाने की बात भी कही। उन्होंने इसके अतिरिक्त अन्य केंद्रीय वित्तीय सहायता के लिए हिमाचल सरकार की ओर से रिपोर्ट के बाद केंद्रीय टीम के सर्वेक्षण किए जाने की बात कही और उसके बाद उस सर्वेक्षण रिपोर्ट के आधार पर ही केंद्रीय वित्तीय सहायता दिए जाने का दावा किया।
वहीं अनुराग ठाकुर ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से हिमाचल से आए पानी को रोकने वाले बयान पर पलटवार करते हुए आम आदमी पार्टी के नेताओं को अपनी कमियों का ठीकरा दूसरों पर फोड़े जाने की आदत की बात कही। उन्होंने पंजाब और दिल्ली में आपदा प्रबंधन की वर्षों से बैठक ना किए जाने का दावा करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर बाढ़ के पानी, प्रदूषण और कोविड-19 जैसी विकट परिस्थितियों में अपने काम और अपनी जिम्मेवारी से पीछा छुड़ाकर दूसरों पर आरोप मढ़ने की बात कही ।
