राहुल चावला,धर्मशाला: अगर आप विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साइट बीड़ बिलिंग में पैराग्लाइडिंग करने की चाह लेकर पहुंच रहे हैं वहां पहुंचकर अब आपको निराशा ही हाथ लगेगी। बता दें की हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पैराग्लाइडिंग के लिए विश्व प्रसिद्ध साइट बीड़ बिलिंग और धर्मशाला में प्रसिद्ध इंदरूनाग साइट में 15 जुलाई से 15 सितंबर तक पैराग्लाइडिंग पर पूरी तरह से प्रतिबंध कर दिया गया हैं। दरअसल, बरसात के दौरान पर्यटकों और पैराग्लाइडरों की सुरक्षा को देखते हुए पर्यटन विभाग ने यह निर्णय लिया हैं।
पर्यटन विभाग के उप निदेशक विनय धीमान ने कहा बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए 15 जुलाई से 15 सितंबर तक पैराग्लाइडिंग पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया हैं। उन्होंने कहा कि विभाग के निर्णय को नजरअंदाज करने वाले पायलटों से 2 हजार का जुर्माना ओर सजा का भी प्रावधान किया गया हैं। बता दें कि कांगड़ा में करीब 350 पायलटों ने पर्यटन विभाग से उड़ान भरने का लाइसेंस प्राप्त किया है. यह पैराग्लाइडिंग को फ्लाइट करवाकर अपनी आजीविका कमाते हैं।
