संजु चौधरी, शिमला: केंद्र सरकार की ओर से एक फरवरी को अपना बजट पेश किया जाना हैं। इस बजट को लेकर सभी वर्गों को केंद्र से राहत की उम्मीद हैं। वहीं इस बार बजट में हिमाचल को भी उम्मीदें बंधी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी केंद्र का बजट जनहित वाला बजट होने की उम्मीद जताई हैं।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि उम्मीद है कि पहले की तरह इस बार भी बजट काफी अच्छा रहेगा। उन्होंने कहा कि बजट देशवासियों के लिए लाभकारी होगा ओर सभी वर्गों को राहत देने वाला होगा।
सीमेंट कंपनी और ट्रक ऑपरेटरों के बीच चल रहे विवाद को गंभीरता से ले सरकार
सीमेंट कंपनी और ट्रक ऑपरेटरों के बीच चल रहे विवाद को लेकर भी उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही हैं। सरकार को प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सीमेंट कंपनी और ट्रांसपोर्टरों के बीच का विवाद हैं। इससे पहले भी इस तरह की बातें सामने आती रही हैं, लेकिन उसका हल निकाले जाते रहे हैं। दोनों पक्षों को बिठाकर रास्ता निकलता रहा हैं। सरकार को भी इस विवाद को सुलझाने में जल्दी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ट्रक ऑपरेटर और कर्मचारियों का बहुत बड़ा नुकसान हो रहा हैं। साथ ही कंपनी को भी नुकसान हो रहा हैं। ऐसे में दोनों को बैठाकर सरकार को चाहिए कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बीच का रास्ता निकालें और विवाद को खत्म करें।
