विशेष संवाददाता, शिमला ( TSN)-भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच तुर्की द्वारा पाकिस्तान को दिए जा रहे समर्थन से हिमाचल प्रदेश के बागवानों में गहरा आक्रोश है। इसी क्रम में हिमाचल कांग्रेस के कोऑर्डिनेटर और स्वयं भी एक बागवान, अक्षय नैंटा ने केंद्र सरकार से तुर्की से सेब आयात पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
अक्षय नैंटा ने कहा, “तुर्की, जो पाकिस्तान को सैन्य और कूटनीतिक समर्थन दे रहा है, ऐसे देश से भारत को किसी भी प्रकार का व्यापारिक रिश्ता नहीं रखना चाहिए। तुर्की से आयातित सेब न केवल देश की सुरक्षा भावना को ठेस पहुंचा रहे हैं, बल्कि भारतीय किसानों, विशेष रूप से हिमाचल के मेहनती बागवानों की आजीविका पर भी गहरा प्रभाव डाल रहे हैं।उन्होंने कहा कि अब वक्त है कि देश ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे नारों से आगे बढ़कर ठोस और व्यावहारिक निर्णय ले।यह समय है जब सरकार हिमाचल, उत्तराखंड और कश्मीर के सेब उत्पादकों के साथ मजबूती से खड़ी हो.उन्होंने कहा कि तुर्की ने भारत की पीठ में छुरा घोंपा है — अब भारत के किसानों को पीठ थपथपाने की नहीं, समर्थन की ज़रूरत है।
