मंडी : धर्मवीर – चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही के लिए बेहद खतरनाक स्पॉट बन चुके 6 मील से मलबे को हटाकर नेशनल हाईवे को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। बता दें कि आज सुबह 6 मील के पास यह नेशनल हाईवे पहाड़ी से मलबा व पत्थर गिरने के कारण बंद हो गया था। जिस समय पहाड़ी से चट्टाने और पत्थर गिर रहे, उस समय यहां से एक वाहन गुजर रहा था। चालक ने जैसे ही पहाड़ी से पत्थर गिरते देखे तो तुरंत गाड़ी को रिवर्स गियर डालकर उसे पीछे ले गया। अन्यथा उसके साथ बड़ा हा+दसा हो सकता था।
मलबा गिरने की स्थिति में मशीनरी मौके पर की गई है तैनात
रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे पर लगातार खतरा बना हुआ है। पुलिस और केएमसी कंपनी के कर्मियों की निगरानी में नेशनल हाईवे से वाहन गुजारे जा रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र ने बताया कि बारिश के चलते पहाड़ी से लगातार मलबा गिर रहा है। जिस कारण यहां पर हर समय वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। मलबा गिरने की स्थिति में मौके पर 24 घंटे मशीनरी तैनात है। मलब गिरते ही उसे तुरंत हटाकर नेशनल हाईवे को फिर से बहाल कर दिया जाएगा। नेशनल हाईवे पर आगे भी लैंडस्लाइड की जरा भी शंका होती है तो तुरंत प्रभाव से ट्रैफिक को रोक दिया जाएगा। उन्होंने वाहन चालकों से नेशनल हाईवे पर संभल कर चलने की अपील की है।
वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया है कि वैकल्पिक मार्ग कुल्लू कटौला भी सालगी से पास लैंडस्लाइड होने से बंद हो गया है। उन्होंने कुल्लू से वाहन चालकों से चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे व गोहर- चैलचौक मार्ग से सफर करने की हिदायत दी है।
