बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश धर्माणी ने आज घुमारवीं में सभी विभागों के अधिकारियों , पंचायत के प्रतिनिधियों पंचायत समिति के सदस्यों से विधानसभा घुमारवीं में बारिश से हुए नुकसान की रिपोर्ट ली। बैठक के दौरान उन्होंने बताया कि इस आपदा की घड़ी में प्रदेश सरकार हर व्यक्ति के साथ खड़ी है और भारी बारिश के कारण हुए सभी व्यक्तिगत नुकसान की भरपाई करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सभी जिला उपायुक्तों को निर्देश जारी किए है ।
राजेश धर्माणी ने बताया कि गत दिनों जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान उन्होंने जल्द से जल्द लोगों को राहत राशि उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए थे, जिसको लेकर अमलीजामा पहनाते हुए अधिकारियों ने रिपोर्ट एकत्रित कर राहत राशि जारी कर दी गई है। उन्होंने बताया की घुमारवीं उपमंडल मंडल में 8 करोड़ 56 लाख रुपए की बारिश से नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि लोगों को उनकी व्यक्तिगत नुकसान की भरपाई के लिए सरकार बरसात खत्म होने का इंतजार नहीं करेगी और समय पर राहत राशि जारी कर देगी। उन्होंने बताया कि घुमारवीं उपमंडल के अंतर्गत अब तक 20 घरों के लिए एक एक लाख की राहत राशि जारी कर दी गई है।उन्होंने कहा कि बिलासपुर जिला प्रशासन ने तीव्रता से कार्य करते हुए जिले के चार विधानसभा क्षेत्र में हुए नुकसान का आंकड़ा मात्र चार दिन में एकत्रित किया गया है। वही उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत होने वाले 2413 कार्यों के लिए बजट जारी कर दिया गया है। इसमें सड़क, गोशाला, रिटेनिंग बॉल, शौचालय और अन्य निर्माण व मरम्मत के कार्य शामिल है।
