सोलन : योगेश शर्मा – चंडीगढ़ शिमला नेशनल हाईवे 5 को छोटे वाहनों के साथ-साथ अब बस सेवा के लिए भी बहाल कर दिया गया है । शुक्रवार को मीडिया को जानकारी देते हुए डीसी सोलन मनमोहन शर्मा ने बताया कि परवाणु से शिमला तक राष्ट्रीय राजमार्ग 05 पर हलके वाहनों और बसों की आवाजाही जारी है ।
डीसी सोलन बोले राष्ट्रीय राजमार्ग 05 पर यात्रा पूर्ण रूप से सुरक्षित
डीसी मनमोहन शर्मा ने कहा कि भारी वर्षा के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 05 चक्की मोड़ के समीप शुक्रवार प्रातः भी कुछ समय के लिए बाधित हुआ था। उन्होंने कहा कि ज़िला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य कर इस मार्ग को सुचारू रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारी वर्षा एवं भूस्खलन के कारण चक्की मोड़ के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को रोका गया है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से हलके वाहनों और बसों की आवाजाही पूर्ण रूप से सुरक्षित है। डीसी मनमोहन शर्मा ने कहा कि पुलिस विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं कि राष्ट्रीय राजमार्ग सहित ज़िला के अन्य मार्गों पर नियमित पेट्रोलिंग करते रहें। उन्होंने कहा कि ज़िला पुलिस के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को भी निर्देश दिए गए है कि राजमार्गों पर यात्रियों को तुरंत सहायता पहुंचाएं,उन्होंने कहा कि संकट की स्थिति में कोई भी व्यक्ति टोल फ्री नम्बर 1077 पर सम्पर्क कर सकता है। इस टोल फ्री नम्बर पर जानकारी प्राप्त होते ही त्वरित सहायता पहुंचाई जा रही है। मनमोहन शर्मा ने सभी से आग्रह किया कि यात्रा के समय संकट की स्थिति में घबराएं नहीं और आवश्यकता पड़ने पर टोल फ्री नम्बर 1077 पर सम्पर्क करें। उन्होंने कहा कि भूस्खलन इत्यादि के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 05 के कुछ समय के लिए बंद होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि परवाणु की ओर से शिमला आने वाले यात्री परवाणु से जंगेशु-कसौली होकर सोलन और शिमला तक पहुंच सकते हैं।
आपात स्थिति में शिमला से कुनिहार-कुठाड़-बद्दी होकर चण्डीगढ़ पहुंचे
डीसी मनमोहन शर्मा ने कहा कि शिमला की ओर से चण्डीगढ़ जाने वाले यात्री आपात स्थिति में शिमला से कुनिहार-कुठाड़-बद्दी होकर चण्डीगढ़ पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में दिल्ली जाने वाले यात्री नाहन-काला अम्ब-शाहबाद से राजमार्ग के माध्यम से दिल्ली पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर ज़िला प्रशासन यात्रियों की सुरक्षित यात्रा के लिए तत्पर है और सभी की सुरक्षा के ऐहतियाती उपाय सुनिश्चित बनाए गए हैं।
