मंडी/धर्मवीर -:छोटी काशी मंडी का पारंपरिक अष्टमी मेला रविवार को बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नगर निगम द्वारा आयोजित किए जाने वाले इस मेले में मेयर सुमन ठाकुर और आयुक्त डा. मदन कुमार सहित अन्य पार्षदों और अधिकारियों ने राज माधव राय, बाबा भूतनाथ और सिद्धकाली मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना की। इसके बाद स्थानीय देवी-देवताओं की अगुवाई में शहर से टारना माता मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई जिसमें सभी माता रानी के भजनों पर झूमते-नाचते हुए टारना माता मंदिर पहुंचे। यहां पर भी विधिवत पूजन के बाद कन्या पूजन किया गया।
नगर निगम की मेयर सुमन ठाकुर ने बताया कि सभी के सहयोग से इस मेले को वर्ष 2019 से शुरू किया गया था। निगम का प्रयास है कि आने वाले समय में इसे और भव्य तरीके से आयोजित किया जाए।स्थानीय निवासी अनिल शर्मा ने बताया कि प्राचीन समय में इस मेले का आयोजन होता था लेकिन फिर इसे बंद कर दिया गया था। वर्ष 2019 से नगर निगम ने इसे फिर से आयोजित करने का सराहनीय प्रयास शुरू किया है। लेकिन मेले के प्रति लोगों की कमी चिंता का विषय है। लोगों को अपनी संस्कृति से जुड़ने के लिए ऐसे आयोजनों में शामिल होना चाहिए। वहीं, स्थानीय निवासी कैप्टन सैनी ने बताया कि उन्हें मेले का हिस्सा बनकर बहुत अच्छा लगा।

