कांगड़ा,हिमाचल प्रदेश के भरवाईं चौक पर यातायात व्यवस्था संभालते समय एक दर्दनाक हादसे में थाना चिंतपूर्णी में तैनात सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार धीमान की मौत हो गई। ड्यूटी के दौरान दो बसों के बीच फंसने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी ले जाया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन से पुलिस विभाग सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस विभाग ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात एसआई राजेश कुमार धीमान हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार के साथ भरवाईं चौक पर यातायात बहाल करवाने में जुटे थे। इसी दौरान मुबारिकपुर और देहरा की तरफ जा रही दो बसें एक संकरे मोड़ पर एक-दूसरे से आगे निकलने का प्रयास कर रही थीं। इस दौरान राजेश कुमार धीमान दोनों बसों के बीच फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद दिवंगत एसआई का पार्थिव शरीर भरवाईं थाना लाया गया। यहां डीएसपी अंब अनिल पटियाल, एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर सहित पुलिस कर्मियों, स्थानीय लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक बबलू ने भी पुष्प अर्पित कर दिवंगत अधिकारी को नमन किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
एसआई राजेश कुमार धीमान को एक ईमानदार, मेहनती और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी के रूप में याद किया जाएगा। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने की जिम्मेदारी निभाते हुए उन्होंने अपनी जान गंवा दी। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि पुलिस विभाग ने अपना एक समर्पित अधिकारी खो दिया है। उनकी सेवाओं और कर्तव्यनिष्ठा को हमेशा याद रखा जाएगा।

