मंडी,9 अक्टूबर (TSN)-नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने विधानसभा क्षेत्र के तहत बालीचौकी में कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपनी फिजूलखर्ची कम करने के बजाय जनता पर हर रोज़ नया टैक्स थोप रही है। बिना सोचे समझे ऐसे मनमाने फैसले लिए जा रहे हैं जिससे इस पहाड़ी प्रदेश की पूरे देश में जग हसाई हो रही है। आज इनके आर्थिक कुप्रबंधन का खामियाजा हर उस वर्ग को झेलना पड़ रहा है जो सरकार को टैक्स तो देता है लेकिन उसके बदले सरकार उन्हें सहूलियतें देने के बजाय कई तरह के टैक्स लगाकर परेशान कर रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री रोज़ कोई नया पैंतरा टैक्स उगाही का चलाते हैं और जब विपक्ष जनता की आवाज को बुलंद करते हुए विरोध प्रकट करता है तो तुरंत मुख्यमंत्री अपने अधिकारियों को आगे कर उन्हें वापस लेते हैं। जनता की नज़र में खुद को अनजान बताते हुए प्रेस में जाकर सिर्फ झूठ ही बोलते हैं कि हमारी सरकार ने ऐसा कोई फैसला नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि जब भी कोई प्रशासनिक सचिव ऐसे आर्डर निकालता है तो स्वाभाविक प्रक्रिया है कि वो फ़ाइल मुख्यमंत्री के टेबल से होकर गुजरी होगी लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू हर बार अनभिज्ञता जताकर खुद बचना चाहते हैं जबकि ये टैक्स थोपने का निर्णय उनका ही होता है।
भाजपा नेताओं को नसीहत देने के बजाय अपने काम पर ध्यान दें मुख्यमंत्री
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हरियाणा और जम्मू कश्मीर चुनाव के बीच मुख्यमंत्री ने जिस प्रकार झूठ बोलकर जनता को गुमराह किया है उसका खामियाजा कांग्रेस पार्टी को दोनों राज्यों में उठाना पड़ा है।इनके राष्ट्रीय नेता हिमाचल मॉडल की बातें करते रहे और जनता ने भाजपा की नीतियों पर अपना भरोसा जताया। उन्होंने सवाल खड़े करते हुए कहा कि जब उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री चुनाव प्रचार में बाहर थे तो पीछे से उनके विभाग के निर्णय लेकर टैक्स बढ़ाने का काम किसने किया। ये जबाब आज कांग्रेस पार्टी के अंदर उनके ही नेता और विधायक मुख्यमंत्री से पूछ रहे हैं क्यूंकि इस निर्णय से कांग्रेस पार्टी की पूरे देश में फ़जीहत हुई है। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार केवल और केवल केंद्र के वित्तिय सहयोग से चल रही है। यही बात जब भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बिलासपुर दौरे में कही तो मुख्यमंत्री सफाई देने मीडिया के सामने आए जबकि ये सच्चाई है कि केंद्र से मदद न मिले तो एक माह भी ये सरकार नहीं चल पाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री को चेताया कि आप भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को नसीहत देने के बजाय काम पर ध्यान दें।
