संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपना कार्यभार संभालने के बाद पहली मर्तबा बुधवार को दिल्ली रवाना हुए हैं। दिल्ली में सीएम कांग्रेस के आला अधिकारियों से मुलाकात करने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री राज्यस्थान में भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य सभी विधायकों के साथ शामिल होंगे।
वहीं दिल्ली रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने फ़िलहाल कोई भी प्रशासनिक फेरबदल ना करने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा की दिल्ली में पीएम से मिलने का समय मांगा गया हैं। उनसे शिष्टाचार भेंट की जाएगी। इसके अलावा कांग्रेस के नेताओं से मिलना होगा और मंत्रिमंडल विस्तार पर भी चर्चा होनी हैं।
वहीं तबादलों को लेकर सुक्खू ने कहा कि वे सता के लिए नहीं व्यवस्था परिवर्तन के लिए आए हैं। अभी डीसी,एसपी के तबादलों पर कोई विचार नहीं है और सभी डीसी, एसपी को काम करने के लिए कहा गया हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विधानसभा सत्र को लेकर किए गए सवाल के जवाब में कहा कि 28 ओर 29 दिसंबर को सेशन करवाने की बात चल रही हैं। यदि यह संभव नहीं हो पाया तो 15 जनवरी के बाद सेशन करवाया जाएगा।
