बिलासपुर/सुभाष ठाकुर- बाबा विश्वकर्मा मंदिर परिसर में जिला पैंशनर्ज वेलफेयर एसोशिएशन बिलासपुर की विशेष बैठक आयोजित की गई। जिला प्रधान जगदीश दिनेश की अध्यक्षता में ये बैठक हुई। जिसमें एसोशिएशन के राज्य महासचिव हुकुम सिंह ठाकुर और राज्य मुख्य सलाहकार जेके नड्डा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 17 दिसंबर को पैंशनर्ज का प्रदेशस्तरीय सम्मेलन मंडी जिला के नौलखा क्षेत्र में होगा। इसमें जिला की ओर से भाग लेने को लेकर मंथन हुआ। वहीं हर वर्ष की तरह जिलास्तर पर सम्मान समारोह का आयोजन 30 दिसंबर को डियारा सेक्टर के श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के प्रांगण में होना तय किया गया। सभी वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए सुझाव दिया कि जिलास्तर पर मनाया जाने वाला यह पैंशनर्ज स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा और प्रदेशस्तर पर मनाए जाने वाले पैंशजर्न स्थापना दिवस पर जिला बिलासपुर की ओर से अधिक से अधिक संख्या में पेंशनर्ज भाग लेंगे। इस समारोह में अस्सी बसंत देख चुके पैंशनर्ज को सम्मानित किया जाएगा।
