संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शनिवार को 40 साल बाद एक बार फिर अपने कॉलेज राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय संजौली पहुंचे। मुख्यमंत्री के लिए यह खुशी भरा पल था, क्योंकि इसी कॉलेज से पढ़कर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश की सत्ता के शीर्ष पर पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री ने अपने कॉलेज में आकर अपना सीआर से लेकर सीएम तक के सफर को याद किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपना इतिहास नहीं भूलना चाहिए और आज अतीत के पन्ने पलटने पर उन्हें अपने कॉलेज के दिन याद आ गए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कॉलेज के छात्र-छात्राओं से कड़ी मेहनत कर आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने कॉलेज के किस्से भी सांझा किए।
इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने छात्र संघ चुनाव की बहाली को लेकर भी बयान दिया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वे खुद छात्र राजनीति से आगे बढ़े हैं। ऐसे में वे चाहते हैं कि प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव बहाल हो, लेकिन छात्र संघ चुनाव में होने वाली हिंसा की वजह से चुनाव नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे इस बारे में विचार कर रहे हैं। इसे लेकर रास्ता निकाला जाएगा और सरकार इस पर गंभीरता से विचार कर रही हैं।
