मनमिन्दर अरोड़ा/कुल्लू – मुख्यमंत्री जी सैंज घाटी की तलाड़ा पंचायत के लोगों को पीने व सिंचाई का पानी चाहिए। बंजार दौरे पर आ रहे मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से पंचायत के लोगों ने गुहार लगाई है कि बंजार में ही इसके बजट के लिए घोषणा की जाए। यह बात तलाड़ा पंचायत के उपप्रधान सुभाष ठाकुर ने यहां प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा। उन्होंने कहा कि विधायक सुरेंद्र शौरी भी उनकी बात को नहीं सुन रहे हैं और न ही पंचायत को विश्वास में ले रहे हैं। उन्होंने मांग रखी कि सपागणी से परली पत्थर उठाऊ सिंचाई योजना को शीघ्र शुरू किया जाए । उन्होंने मांग की है कि बंजार दौरे के दौरान ही इसके लिए बजट की घोषणा की जाए।
उन्होंने कहा कि तलाड़ा पंचायत के लोगों में भारी आक्रोश है कि उनकी मांग को नहीं माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेयजल योजना 2016 से निर्माणाधीन है लेकिन अभी तक 20 फीसदी काम भी नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि तलाड़ा पंचायत की आर्थिकी कृषि,बागवानी व सब्जी है लेकिन यह पूरा क्षेत्र ड्राई क्षेत्र है । जिस कारण 21 मई 2021को आईपीएच मंत्री से पूरी पंचायत की जनता इस विषय को लेकर मिली थी और इसके बाद मुख्यमंत्री से 21 मई 2022 को भी पंचायत की सेंकडों जनता मिली थी और मुख्यमंत्री ने शीघ्र डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए थे। लेकिन अभी तक धरातल पर कुछ नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने आशा जताई है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सीएम उनकी समस्या का समाधान करेंगें।
