Chintpurni, 31 August– नया बस स्टैंड चिंतपूर्णी में माता वैष्णो देवी क्लब, जगराओं की ओर से आयोजित भव्य जगराते में सुप्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल ने अपनी मधुर वाणी से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और नृत्य करते रहे।
माता के दरबार में हाजिरी
जगराते से पहले कन्हैया मित्तल ने माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेका और विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारी अमन कालिया ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ उनका पूजन कराया। इस अवसर पर कन्हैया मित्तल ने कहा कि लंबे समय बाद मां के दरबार में भजन गाने का अवसर मिला है और यह मां की असीम कृपा है।
भजनों से बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान कन्हैया मित्तल ने माता रानी और भोलेनाथ के भजनों से ऐसा वातावरण बना दिया कि भक्त भाव-विभोर होकर झूम उठे। जगराते का आयोजन माता वैष्णो देवी क्लब, जगराओं की ओर से किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भक्ति रस में सराबोर हो गए।
