मंडी (सीमा शर्मा): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी जिला के द्रंग विधानसभा क्षेत्र में 61.2 करोड़ रुपए लागत की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण किए। मुख्यमंत्री ने 17.88 करोड़ रुपए की लागत से संयुक्त कार्यालय भवन पधर, 8.15 करोड़ रुपए लागत के नागरिक चिकित्सालय भवन पधर, 4.73 करोड़ रुपए लागत के राजकीय महाविद्यालय द्रंग में विज्ञान खंड भवन और 4.63 करोड़ रुपए के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन नगवांई का लोकार्पण किया। उन्होंने 61 लाख रुपए लागत के चिकित्सक आवासीय परिसर भवन नगवांई, 1.08 करोड़ रुपए लागत से रिग्गड़ नाले पर पुल, 88 लाख रुपये की लागत से बने सकरयार खड्ड पर बने पुल का लोकार्पण किया। उन्होंने 87 लाख रुपए लागत से बरोट से मुल्थान के लिए ऊहल नदी पर बने पैदल पुल, 7.97 करोड़ रुपए लागत के न्यूली तुंग सड़क के द्वितीय चरण, 4.04 करोड़ रुपए लागत के न्यूल बूढ़ा बिंगल साढ़ला त्रयाम्वली सड़क के द्वितीय चरण का लोकार्पण किया।
उन्होंने 3.01 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित शिल्हभदवानी से कथोग सड़क के द्वितीय चरण का, 7.05 करोड़ रुपए की लागत से कटिंडी से कशाला सड़क के उन्नयन तथा 297.12 लाख रुपये लागत से झनड़ से लागधार सड़क तथा 30 लाख रुपये से निर्मित मुख्यमंत्री लोक भवन हरड़गलू का लोकार्पण किया। इस अवसर पर जय राम ठाकुर ने कहा कि 75 वर्ष की विकास यात्रा में हिमाचल प्रदेश ने प्रगति के अनेक आयाम स्थापित किए हैं। प्रदेश की इस प्रगति में अलग-अलग नेतृत्व तथा प्रदेश के सभी वर्गों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि इन समारोहों के आयोजन से प्रदेश के लोगों को राज्य के अतीत की पृष्ठभूमि और वर्तमान की उपलब्धियों को जानने का अवसर प्राप्त हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 14.82 करोड़ रुपएकी लागत से कमांद में पुल का निर्माण कार्य और 1.97 करोड़ रुपये की लागत से ऊहल वैली सड़क पर दो पुलों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पधर में सब जज कोर्ट खोलने, ग्राम पंचायत बह तथा ग्राम पंचायत धमच्यान में पशु औषधालय खोलने और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुफरी में खेल मैदान के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने राजकीय माध्यमिक विद्यालय खील तथा राजकीय माध्यमिक विद्यालय फूटाखल को राजकीय उच्च विद्यालय में स्तरोन्नत करने की घोषणा और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घराण में विज्ञान की कक्षाएं आरम्भ करने की घोषणा की। उन्होंने राजकीय उच्च विद्यालय गाहंग, सनवाड़ और राजकीय उच्च विद्यालय गरलोग को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब भवन पधर के निर्माण के लिए बजट का प्रावधान करने की घोषणा भी की। इस अवसर पर विधायक जवाहर ठाकुर ने क्षेत्र में विकासात्मक कार्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के इस कार्यकाल के दौरान क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हुआ है।
