Shimla, Sanju (TSN) – मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और उनकी आजीविका सुरक्षित रखने के लिए हरसंभव कदम उठा रही है। उन्होंने दोहराया कि किसी भी नागरिक के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
हमीरपुर के वेंडर्स ने जताया सरकार के प्रति भरोसा
मुख्यमंत्री ने यह बात अपने सरकारी आवास ‘ओक ओवर’ में हमीरपुर स्ट्रीट वेंडर्स यूनियन के प्रतिनिधिमंडल से संवाद करते हुए कही। यूनियन ने अपनी वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान में मुख्यमंत्री की भूमिका को निर्णायक बताते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
न्याय की उम्मीद बनी हकीकत, सीएम सुक्खू ने लौटाई रोज़ी
यूनियन प्रतिनिधियों ने बताया कि उनके व्यवसायिक स्टॉल्स को पूर्व में बिना किसी पूर्व सूचना के हटा दिया गया था, जिससे वे आजीविका और आवास दोनों से वंचित हो गए। सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू ने उनके पुनर्वास की दिशा में ठोस कदम उठाए, जिससे अब वे दोबारा आत्मनिर्भर बन पाए हैं।
कल्याणकारी योजनाएं अब ज़मीनी हकीकत: सुनील शर्मा
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा ने कहा कि सरकार की योजनाएं अब कागजों तक सीमित नहीं रहीं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के संवेदनशील नेतृत्व में समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी सहायता पहुंच रही है और जन समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर हो रहा है।
सामूहिक भागीदारी में दिखा विश्वास
इस मौके पर एपीएमसी हमीरपुर के अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस नेता राजेश आनंद, मनोज शर्मा, राकेश वर्मा, सुनील कुमार, हर्ष कालिया, नीलम शर्मा और यूनियन के कई प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
