मंडी : धर्मवीर ( TSN)- सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मंडी जिला के एक दिवसीय दौरे पर रहेगें। अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान सीएम जहां पुनर्वास कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, वहीं मंगवाई में विजिलेंस थाने की आधारशिला भी रखेंगे।
प्रभावितों को पहली क़िस्त की जाएगी जारी
बता दें कि प्रदेश सरकार ने प्रदेश के आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और बुनियादी ढांचे के सृजन में सहायता के लिए 4500 करोड़ रुपये के विशेष राहत पैकेज की घोषणा की है। पुनर्वास कार्यक्रम इसी पहल के तहत आयोजित किया जा रहा है। मंडी जिले में 3500 से अधिक परिवार मानसून आपदा से प्रभावित हुए हैं। वहीं 951 ऐसे परिवार हैं जिनके घर पूरी तरह से टूट गए हैं। इन परिवारों को पुनर्वास कार्यक्रम के माध्यम से विशेष राहत पैकेज की पहली किश्त का उनके बैंक खातों में सीधा हस्तांतरण किया जाएगा। इससे पहले सीएम 21 अक्तूबर को कुल्लू में आयोजित पुनर्वास कार्यक्रम में जिले के प्रभावित परिवारों को राहत राशि वितरित कर चुके हैं। इस श्रृंखला में मंडी में होने जा रहे कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर डीसी अरिंदम चौधरी ने रविवार को पड्डल मैदान में सभा स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी विभागों को अपना दायित्व पूरी गंभीरता से निभाने के निर्देश दिए। इस दौरान एपीएमसी मंडी के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, कांग्रेस प्रदेश कमेटी के महासचिव शशि शर्मा, एडीएम डॉ. मदन कुमार, एसडीएम सदर ओम कांत ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
गौरतलब है जिला प्रशासन ने कार्यक्रम के लिए 8 समितियों का गठन किया है। पड्डल मैदान में तैयारी को लेकर एडीएम डॉ. मदन कुमार की अध्यक्षता में कमेटी बनाई गई है। वहीं पड्डल में बैठने के प्रबंधों, स्टेज और अन्य सुरक्षा इंतजामों की देखरेख एसडीएम सदर ओम कांत ठाकुर की अगुवाई में गठित कमेटी कर रही है। इसके अलावा कार्यक्रम में सहायक आयुक्त कुलदीप पटियाल को स्वागत कमेटी तथा जिला पर्यटन विकास अधिकारी को कैटरिंग का जिम्मा देखने वाली कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। आरटीओ मंडी को यातायात एवं पार्किंग कमेटी व जिला लोक संपर्क अधिकारी को मीडिया समिति का दायित्व दिया गया है।
