संजीव महाजन,नूरपुर: नूरपुर मे ज़िला प्रशासन, निर्वाचन विभाग ओर केंद्रीय संचार ब्यूरो के सयुंक्त तत्वावधान में स्थानीय राजकीय आर्य महाविद्यालय में उपमंडल स्तरीय मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ज़िला निर्वाचन अधिकारी(उपायुक्त), अतिरिक्त उपायुक्त एवम स्वीप की जिला समन्वयक गन्धर्वा राठौड़ विशेष रूप से उपस्थित रही।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र में वोट देना हमारा अधिकार नहीं अपितु हर नागरिक का सर्वोपरि कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि हमारे देश के संविधान की सबसे बड़ी खूबसूरती है जिसमें हर नागरिक को पूरी गोपनीयता के साथ मतदान करने का अधिकार दिया गया है। उन्होंने बताया कि आपके एक वोट में बहुत बड़ी ताकत है जिसमें आप अपने क्षेत्र की तरक्की ओर खुशहाली के लिए अपनी पसंद के उम्मीदवार का चयन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज के कई लोग आज भी मतदान में भाग नहीं लेते है। यह अचंभित करने वाला है। उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम से हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि हम भी मतदान करेंगे और दस अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगे।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी की ओर से इस अवसर पर सभी लोगों से अपने विवेक से मतदान में बढ़चढ़ कर भाग लेने का संकल्प लेने की शपथ भी दिलाई गई। अतिरिक्त उपायुक्त एवं स्वीप कार्यक्रम की जिला समन्वयक गन्धर्वा राठौड़ ने कार्यक्रम बारे जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को शतप्रतिशत मतदान के प्रति प्रेरित व जागरूक करना है ।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सशक्त लोकतंत्र और अपने देश की मजबूती के लिए मतदान में भाग लेना चाहिए। इस मौके पर मतदाताओं को मतदान के बारे में जागरूक और प्रेरित करने के लिए भाषण, रंगोली, नृत्य, नारा लेखन, पेंटिंग आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया गया जिसमें 10 स्कूलों सहित स्थानीय राजकीय आर्य कॉलेज के लगभग 400 बच्चों ने भाग लिया। इन बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। बच्चों ने मानव श्रृंखला बना कर भारत के नक्शे का भव्य दृश्य प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की नाट्य इकाई धर्मशाला के कलाकारों ने गीत संगीत के माध्यम से लोगों को मतदान के लिए प्रेरित व जागरूक किया।
