अरविंदर सिंह, हमीरपुर: प्रदेश में विधानसभा चुनावों के बाद से ही कांग्रेस पार्टी की ओर से ईवीएम की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी की ओर से ईवीएम से आसानी से छेड़छाड़ किए जाने के बात लगातार की जा रही है। यही वजह भी है कि इस बार के चुनावों के बाद स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखी गई ईवीएम मशीनों की रखवाली के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता स्ट्रांग रूम के बाहर ही तंबू लगाकर बैठ चुके हैं। बावजूद इसके भी लगातार कांग्रेस ईवीएम को लेकर सवाल खड़े कर रही है।
कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष एवं सुजानपुर से कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा ने ईवीएम सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी को बीजेपी सरकार पर भरोसा नहीं है,क्योंकि इससे पहले भी ईवीएम से छेड़छाड़ हो चुकी है। उन्होंने कहा कि विदेशों में भी ईवीएम मशीनों को नकारा जा चुका है और वहां पर भी पुरानी पद्वति के अनुसार ही मतदान प्रक्रिया होती है। हमीरपुर पहुंचे राजेंद्र राणा ने कहा कि इस बार बीजेपी का प्रदेश में पूरी तरह सूपड़ा साफ होगा।
उन्होंने कहा कि चुनावों के बाद अब मतगणना के दिन का इंतजार है और लोगों से मिलना जुलना हो रहा है। उन्होंने कहा कि चुनावों से पहले जैसा ही रूटीन चल रहा है और रोजाना कार्यकर्ता फीडबैक देने पहुंच रहे है। नई दिल्ली दौरे को लेकर राजेंद्र राणा ने कहा कि हाल ही में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को बनाया गया है और इसी के चलते उनसे शिष्टाचार भेंट कर चर्चा की है। उन्होंने बताया कि चुनावों की फीडबैक भी राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी गई है और आगामी दिनों के लिए राजनीतिक चर्चा की गई है।
