नीरज डोगरा, शिमला: चुनावों को लेकर नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद उम्मीदवारों ने चुनावी प्रचार शुरू कर दिया है। शिमला शहर में कांग्रेस और भाजपा दोनों के प्रत्याशियों ने लोगों के बीच जाकर चुनाव प्रचार प्रसार करना शुरू कर दिया है। कांग्रेस की ओर से इस बार शिमला शहरी सीट से हरीश जनारथा को उम्मीदवार बनाकर चुनावी मैदान में उतारा गया है। वहीं कांग्रेस की जीत को सुनिश्चित करने के लिए हरीश जनारथा भी चुनावी प्रचार में जुट चुके हैं।
कांग्रेस उम्मीदवार हरीश जनारथा ने बुधवार को अपना डोर टू डोर प्रचार शुरू कर दिया है। हरीश जनारथा ने आज शिमला के अनाडेल में प्रचार करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां पर कार्यालय का उद्घाटन किया और बाजार में प्रचार कर लोगों से सहयोग की अपील भी की। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पिछले 15 सालों से शिमला शहरी सीट से सत्ता से बाहर है और जो ग्रहण इस सीट पर कांग्रेस लगा है इस बार उसे तोड़ा जाएगा और शहर की जनता उन्हें जीताकर विधानसभा भेजेगी।
शिमला शहरी से कांग्रेस उम्मीदवार हरीश जनारथा ने कहा कि वह शिमला शहर के चप्पे-चप्पे से वाकिफ हैं और उनका पूरा जीवन यही गुजरा है। शहर की समस्याओं से वो पूरी तरह से वाकिफ है। उन्होंने कहा कि शहर में कई वार्ड ऐसे हैं जहां पर एंबुलेंस सड़क नहीं है। शहर में पार्किंग की सबसे बड़ी समस्या है जिसे दूर करने का पूरा प्रयास किया जाएगा और इसके लिए बाकायदा प्लान तैयार किया जाएगा। इसके अलावा पानी की समस्या भी काफी ज्यादा है और इसका भी समाधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत शिमला शहर के लिए काफी ज्यादा पैसा मिला है लेकिन प्लानिंग ना होने के चलते पूरा पैसा बर्बाद किया गया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से शिमला शहर में काम होना चाहिए था वह नहीं हुआ जबकि शहर के वार्डों में काम लोगों की राय लेने के बाद किया जाना चाहिए था लेकिन सरकार ने केवल डंगे लगाए है।
