कुल्लू/मनमिन्द्र अरोड़ा: हिमाचल विधानसभा चुनाव के अब एग्जिट पोल भी आने शुरू हो गए हैं। एग्जिट पोल के आने के बाद कांग्रेस व भाजपा के नेताओं ने भी अपनी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी है। वहीं जिला कुल्लू की कुल्लू विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार सुंदर ठाकुर ने दावा किया है कि हिमाचल प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनने वाली है। सुंदर ठाकुर का कहना है कि जो लहर कांग्रेस पार्टी के पक्ष में पहले नजर आ रही थी ,वही लहर चुनाव के बाद भी है। ऐसे में वीरवार को चुनाव के परिणाम के बाद पूरी स्थिति साफ हो जाएगी।
सुंदर ठाकुर ने कहा कि कुछ एग्जिट पोल के नतीजे सिर्फ राजनीतिक आकाओं को खुश करने की मंशा से पेश किए गए हैं। जबकि धरातल पर ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। उनका कहना है कि एग्जिट पोल के लिए क्या मापदंड तय किए गए हैं इसके बारे में भी किसी को कोई जानकारी नहीं है। ऐसे में हिमाचल प्रदेश की जनता ने विकास के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी का समर्थन किया है। वहीं कर्मचारियों की पुरानी पेंशन का चुनाव में खूब उछला है। कांग्रेस पार्टी के द्वारा संकल्प पत्र में कही गई बातों का असर भी विधानसभा चुनाव में हुआ है। जिसके चलते पूरे प्रदेश में जनता का समर्थन कांग्रेस पार्टी को मिला है और अब जल्द ही प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने वाली है।
