बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: घुमारवीं उपमंडल की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डंगार में पढ़ने वाले 11वीं कक्षा की प्रियल शर्मा ने तीखे मोड़ों पर होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए एक सेंसर युक्त सिस्टम तैयार किया है। इस मॉडल के तहत पहाड़ों पर बनी सड़कों के साथ साथ तीखे मोड़ों पर होने वाले हादसों पर रोक लग सकेगी। प्रियल शर्मा ने बताया की आए दिन सड़क हादसे होते रहते है। यहां पर अक्सर देखा जाता था कि तीखे मोड़ों पर गाड़ियां आमने सामने टकराने या एक दूसरी गाड़ी को पास देते हुए दुर्घटना का शिकार हो जाती है।

ऐसे में पहाड़ों को काटकर सड़कों की चौड़ाई बढ़ाना भी विभागीय स्तर पर मुश्किल भरा रहता था।इन हादसों को रोकने के लिए प्रियल ने मॉडल तैयार किया। मोड़ पर इस सिस्टम को लगाने से वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहन चालक की पहली ही सूचना मिल जाएगी। प्रियल शर्मा ने जो सिस्टम बनाया है उसे मोड़ के दोनों और लगाया गया है । मॉडल के अनुरूप वाहन के मोड़ पर पहुंचते ही मोड़ के दूसरी तरफ लाइट जलेगी व सायरन बज उठेगा। जिससे वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहन की पहले ही सूचना मिल जाएगी। प्रियल ने बताया कि इस तरह मोड़ों पर सड़क के दोनों तरफ सेंसर युक्त सिस्टम लगाकर हादसों से बचा जा सकेगा। मोड़ पर जैसे ही वाहन पहुंचेगा तो दूसरी तरफ से आने वाले वाहन चालकों को लाइट जलती मिलेगी व सायरन की आवाज सुनाई देगी। जिससे पहाड़ी राज्यों में हादसों से बचा जाएगा । यह मॉडल भीड़ भाड़ वाले शहरों में भी उपयोगी साबित हो सकता है।

राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुआ मॉडल
प्रियल ने इस मॉडल को हाल ही में हमीरपुर में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रस्तुत किया है। जिसमे प्रियल के इस मॉडल को खूब सराहा गया। अब इस मॉडल को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया है। स्कूल प्रधानचार्य राजेश ने बताया कि प्रियल के मॉडल का चयन राज्य स्तर के लिए हुआ है। प्रियल ने बेहतर मॉडल बनाया है, जो हादसों की रोकथाम के लिए बेहतर साबित होगा।
