संजु चौधरी, शिमला(TSN):गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में कांग्रेस का स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान शिमला शहरी से विधायक हरिश जनार्था, शिमला के मेयर सुरेन्द्र चौहान समेत कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने आपदा के वक्त में केंद्र से मदद न मिलने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर पर निशाना साधा। साथ ही डीजीपी मामले पर मुख्यमंत्री के प्रदेश लौटने के बाद उचित कदम उठाने की बात कही।
प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि कांग्रेस आज अपना 139 वां स्थापना दिवस मना रही है। उन्होंने कहा कि यह किसी भी कार्यकर्ता के लिए बेहद खुशी की बात है। इस दौरान नरेश चौहान ने केंद्र से मदद को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर निशाना साधा। नरेश चौहान ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को प्रेस वार्ता में यह साफ करना चाहिए कि कब-कब और कितनी मदद केंद्र की ओर से मिली जबकि केंद्र से कोई अतिरिक्त आर्थिक सहायता प्रदेश को नहीं मिली केवल रूटीन के आर्थिक पैकेज प्रदेश को मिले हैं।
इस दौरान उन्होंने आने वाले लोकसभा के चुनावों के लिए केंद्रीय आलाकमान के साथ हुई बैठक का जिक्र भी किया। नरेश चौहान ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर विभिन्न राज्यों के नेताओं ने केंद्र के नेताओं के साथ मिलकर चर्चा की जिसमें चुनाव को लेकर रणनीति बनाई गई। इसके अलावा उन्होंने कहा की कौन चुनाव लड़ेगा और कब नाम की घोषणा होगी. इन तमाम सारी बातों को लेकर केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा हुई है.जिसमें हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रदेश की पार्टी अध्यक्ष समेत क़ई प्रदेश कांग्रेस के नेता भी दिल्ली बैठक में शामिल होने गए हैं।
वहीं उच्च न्यायालय की ओर से कारोबारी निशांत शर्मा मामले में डीजीपी को वर्तमान पद से हटाए जाने वाले मामले पर मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री के हिमाचल लौटने के बाद उच्च न्यायालय के फैसले पर सरकार फैसला करेगी। इस दौरान नरेश चौहान ने डीजीपी को लेकर कहा की यह अधिकारी पूर्व की भाजपा सरकार के भी बेहद करीबी रहे है। उच्च न्यायालय ने जो भी फैसला सुनाया है सरकार उसे पर उचित फैसला मुख्यमंत्री के हिमाचल लौटने के बाद करेगी।
