शिमला,7 जनवरी (TSN)-ठियोग पेयजल आपूर्ति घोटाले को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के स्टेट कोऑर्डिनेटर अक्षय सिंह नैंटा ने भाजपा और माकपा के स्थानीय नेताओं पर तीखा हमला बोला है.नैंटा ने कहा कि ये दोनों दल इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने के लिए बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।
अक्षय सिंह नैंटा ने कहा कि ठियोग पेयजल आपूर्ति घोटाले में स्थानीय भाजपा और माकपा नेताओं ने विधायक कुलदीप सिंह राठौर का नाम लेकर अपनी राजनीति चमकाने का प्रयास किया है।जबकि सच्चाई यह है कि विधायक ने मामले के उजागर होते ही सबसे पहले जांच के आदेश दिए थे।उनकी पहल पर सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 10 अधिकारियों को निलंबित किया और निष्पक्ष जांच के लिए मामला विजिलेंस विभाग को सौंप दिया है।अक्षय सिंह नैंटा ने सवाल उठाया कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में ठियोग अस्पताल के निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी क्यों की गई और इस परियोजना में हुई अनियमितताओं की जिम्मेदारी किसकी है।
बागवानी प्रोजेक्ट पर उठाए सवाल
अक्षय सिंह नैंटा ने 1134 करोड़ के बहुप्रतीक्षित बागवानी प्रोजेक्ट पर भी भाजपा को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट के तहत किसानों को जो लाभ मिलने चाहिए थे, वे अब तक क्यों नहीं मिले। किसानों को 80 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ देने का वादा केवल कागजों तक ही सीमित है। इस घोटाले ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा की नीति और नीयत दोनों में खोट है।
जनता के मुद्दों से भाग रही भाजपा और माकपा
भाजपा और माकपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों को जनता के वास्तविक मुद्दों की कोई परवाह नहीं है। ठियोग क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधाएं देने के बजाय, ये दल झूठे आरोपों और आधारहीन बयानबाजी में व्यस्त हैं। अक्षय सिंह नैंटा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से पारदर्शिता और विकास की राजनीति में विश्वास करती आई है। कांग्रेस ने ठियोग में हुए इस घोटाले के हर पहलू की जांच कराने का संकल्प लिया है ताकि दोषियों को सजा मिल सके और जनता को न्याय मिल सके।
