बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस महासचिव बंबर ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि पीएम बिलासपुर जरूर आएं लेकिन आधे अधूरे एम्स का उदघाटन न करें। उन्होंने कहा कि यहां पर न ही अभी ओटी है। न ही ब्लड बैंक है। वहीं, इसके अलावा अभी तक अन्य कई सुविधाओं का अभाव है। लेकिन भाजपा नेता पीएम से जल्दबाजी में चुनावों के समय एम्स का उदघाटन करवा रहे हैं।
रविवार को बिलासपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने कहा कि बिलासपुर आने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत है। लेकिन यहां आने पर प्रदेश को प्रधानमंत्री कोई बड़ा पैकेज देकर जाएं तो बात बनेगी। अन्यथा सरकारी खजाने का दुरूपयोग ही यह रैली होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व यहां के लिए बड़ा औद्योगिक क्षेत्र पीएम से मांग सकता है। जिसका लाभ जनता को मिलेगा। लेकिन यदि मात्र जुमलेबाजी के लिए यह रैली हो रही है तो सिर्फ सरकारी व आम जनता के पैसे की यह बर्बादी होगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने पांच अक्तूबर को छात्र स्कूल में विरोध रैली करने की अनुमति प्रशासन से मांगी है। यदि प्रशासन की ओर से यह अनुमति नहीं दी जाती है तो वह अन्य स्थान पर विरोध रैली करेंगे।
