योगेश शर्मा, सोलन : सोलन में जिला कांग्रेस ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें याद किया। जिला कांग्रेस ने शहर के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम में विशेष रूप से जिला अध्यक्ष शिवकुमार और सोलन सदर विधायक और पूर्व मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल मौजूद रहे।
धनीराम शांडिल ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने देश को आज़ाद करवाने के लिए कई सत्याग्रह चलाए,हज़ारों यातनाएं सही लेकिन अहिंसा का मार्ग नहीं छोड़ा। उन्होंने देश के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया और यहाँ तक की अपना जीवन भी बलिदान कर दिया। आज उनके बलिदान को सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने याद किया और उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित की। शांडिल ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए कहा कि लाल बहादुर शास्त्री कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में से एक थे।
आजादी की लड़ाई में उन्होंने कई आंदोलनों में हिस्सा लिया। ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनके शानदार व्यक्तित्व, अनुशासित जीवन, कठोर नैतिकता, विचारों और निडरता के लिए आज भी याद किया जाता है। उन्होंने अपना जीवन सादगी से जीते हुए इसे अपनी मातृभूमि के सेवा के लिए समर्पित कर दिया।
