बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: घुमारवीं से भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र गर्ग ने कहा कि है देश और प्रदेश में भाजपा जब भी सत्ता में आई, विकास की गंगा बही है। इसके विपरीत कांग्रेस नेताओं ने मौका मिलते ही केवल अपना और चहेतों का विकास किया है। भाजपा विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस नेताओं के पास इसका कोई जवाब नहीं है। राजेंद्र गर्ग ने कहा कि वह पिछले 5 वर्षों में करवाए गए कार्यों के रिपोर्ट कार्ड के साथ जनता के बीच जा रहे हैं। लोगों का उन्हें भरपूर सहयोग व समर्थन मिल रहा है। घुमारवीं से कांग्रेस प्रत्याशी 10 वर्ष तक विधायक रहे।
कांग्रेस सरकार में उन्हें सीपीएस का पद भी मिला था, लेकिन कभी तत्कालीन मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के साथ संबंधों में कड़वाहट और कभी सत्ता की चाबी न होने की बहानेबाजी बनाकर वह अपनी जिम्मेदारी से पल्लू झाड़ते रहे। अपनी उपलब्धि गिनाने के लिए उनके पास कुछ नहीं है, इसलिए वह भ्रामक प्रचार का सहारा लेने के साथ ही अपने भविष्य की दुहाई देकर वोट मांग रहे हैं।
जनसंपर्क अभियान के तहत राजेंद्र गर्ग ने वीरवार को चुनाव प्रचार की शुरुआत सुबह 8 बजे बाड़ी चौक से की। उसके बाद उन्होंने कामली, समलाह, घंडालवीं, करोट, बरोटा, सुसनाल में चुनावी सभाएं की। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में पिछले 5 वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। शिक्षा क्षेत्र की बात करें तो घंडालवीं में नया डिग्री काॅलेज खोला गया। घुमारवीं काॅलेज में 5 विषयों में पीजी कक्षाएं शुरू करने के साथ ही संस्कृत काॅलेज डंगार का सरकारीकरण किया गया।
