शिमला: हिमाचल प्रदेश में भाजपा को 38 सीटें देने का एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह पत्र कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम से जारी किया गया है,जिसमें भाजपा को 38 जबकि कांग्रेस को 27 सीटें मिलने की बात कही गई है।
वहीं कांग्रेस ने इस वायरल पत्र के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत की है और इस पत्र को फर्जी करार दिया है। इसके साथ ही भाजपा पर दुष्प्रचार करने के आरोप लगाए हैं। हिमाचल कांग्रेस लीगल सेल ने चुनाव आयोग को शिकायत सौंप कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने इसे भाजपा की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि अपनी हार देखकर भाजपा पूरी तरह से बौखला गई है और अब इस तरह के हथकंडे अपना रही है,लेकिन इससे कुछ होने वाला नहीं है ।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से ऐसा कोई पत्र जारी नहीं किया गया है बल्कि भाजपा इस तरह का दुष्प्रचार कर रही है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने वाली है। कांग्रेस ने जो प्रदेश के लिए 10 गारंटियां दी है उसे पूरा किया जाएगा और सत्ता में आते ही ओपीएस को 10 दिन के भीतर बहाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राज्यस्थान और छत्तीसगढ़ में ओपीएस बहाल कर दी है। उन्होंने कहा कि राजीव शुक्ला के नाम से जो पत्र जारी किया गया है वह भी पूरी तरह से फर्जी है। यह केंद्र की भाजपा सरकार और प्रदेश भाजपा सरकार की बौखलाहट का नतीजा हैं जो इस तरह के हथकंडे अपनाए जा रहें हैं।
