संजु चौधरी, शिमला(TSN): कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगी। उनका कुल्लू, सोलन और मंडी जिले में दौरा प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह उनके साथ मौजूद रहेंगे।
तय दौरे के मुताबिक प्रियंका गांधी मंगलवार सुबह चंडीगढ़ एयरपोर्ट से कुल्लू के भुंतर के लिए उड़ान भरेंगी। कुल्लू से सुबह 9:45 बजे के करीब प्रियंका गांधी मनाली पहुंचेंगी। मनाली में बाढ़ पीड़ितों से बातचीत के बाद वह हेलिकॉप्टर से मंडी के पंडोह आएंगी और प्रभावितों से मिलेंगी। इसके बाद सोलन पहुंचेंगी। सोलन के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद प्रियंका वाड्रा कल्याणी हेलिपेड शिमला आएंगी।
बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी शिमला के छराबड़ा स्थित अपने आवास पर ही रुकेंगी। बुधवार को वे जिला शिमला में भी आपदा प्रभावितों से बातचीत कर सकती हैं। प्रियंका गांधी के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सोमवार शाम चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए हैं।
