बीबीएन/जगत सिंह: जैसे-जैसे विधानसभा चुनावों की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे हर पार्टी के उम्मीदवारों ने चुनाव प्रचार के लिए दिन रात एक कर दिया है। इसके तहत नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी बावा हरदीप सिंह ने नगर परिषद के वार्ड नंबर 2 में चुनाव प्रचार किया और लोगों से वोट की अपील की गई। बावा हरदीप सिंह ने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के चलते देश व प्रदेश की जनता परेशान है और महंगाई बेरोजगारी के कारण आम जनता को घर चलाना मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की जनता भी बदलाव चाहती है और कांग्रेस पार्टी की पूरे प्रदेश में लहर है। उन्होंने कहा कि भारी बहुमत से कांग्रेस की सरकार प्रदेश में बनने वाली है। कांग्रेस पार्टी में स्टार प्रचारकों की बात की जाए तो बावा हरदीप सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन 8 नवंबर को नालागढ़ में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और उनके पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे।
